लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर। स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिला गंगा समिति एवं नगर निगम समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में “एक घंटा, एक दिन, एक साथ श्रमदान” कार्यक्रम का आयोजन कर्पूरी बस पड़ाव में किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं नगर निगम के कर्मियों ने बस पड़ाव परिसर में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौतम कुमार, मद्यनिषेध अधीक्षक मनोज कुमार सिंह, वरीय उपसमाहर्ता अंजली कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, डीपीओ नमामि गंगे नीरजेश कुमार, विवेक कुमार, नगर निगम की स्वच्छता पदाधिकारी स्नेहलता कुमारी सहित नगर प्रबंधक एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से कर्पूरी बस पड़ाव में श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
इस दौरान नगर आयुक्त ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।
वहीं, डीपीओ नमामि गंगे नीरजेश कुमार ने लोगों से नदियों एवं जलाशयों को स्वच्छ और संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलस्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों, माय भारत स्वयंसेवकों के साथ नगर निगम के सैकड़ों स्वच्छता कर्मियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने श्रमदान के माध्यम से आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।









