Home / Events / चित्रकूट -राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर, सीतापुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 133 जोड़ों का विवाह संपन्न

चित्रकूट -राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर, सीतापुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 133 जोड़ों का विवाह संपन्न

ब्यूरो संजय मिश्रा
चित्रकूट – उत्तर प्रदेश शासन की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज दिनांक 28 जुलाई, 2026 को राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर, सीतापुर, चित्रकूट में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 133 नवयुगलों का विधि-विधान एवं वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, जिला कोऑपरेटिव अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, अपना दल अध्यक्ष हेमराज सिंह, पूर्व सांसद आर. के. सिंह पटेल, ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख रामनगर गंगाधर मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख मानिकपुर अरविंद मिश्रा, भाजपा नेता शक्ति प्रताप सिंह तोमर, राजकुमार त्रिपाठी, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों ने सहभागिता कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विकास खंड कर्वी के 33, पहाड़ी के 16, मऊ के 32, मानिकपुर के 16, रामनगर के 15, नगर पालिका परिषद कर्वी के 7 तथा नगर पालिका परिषद मऊ के 14 जोड़े सम्मिलित हुए। इस प्रकार कुल 133 जोड़ों का विवाह गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया गया।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर ₹1,00,000 व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें ₹64,000 की धनराशि कन्या के बैंक खाते में अंतरित की जाती है तथा ₹21,000 मूल्य की गृहस्थी एवं वैवाहिक उपयोग की सामग्री प्रदान की जाती है। शेष धनराशि का उपयोग विवाह समारोह के आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित जोड़ों को 25 प्रकार की वैवाहिक सामग्री प्रदान की गई, जिनमें स्टेनलेस स्टील के बर्तन, प्रेशर कुकर, साड़ी, चुनरी, पैंट-शर्ट, ट्रॉली बैग, गद्दा, चादर, कंबल, तकिया, वैनिटी किट, सीलिंग फैन, कढ़ाई, आयरन प्रेस, दीवार घड़ी, कूल केज, वुडन कैसरोल सहित अन्य आवश्यक घरेलू उपयोग की सामग्री शामिल रही।

समारोह का आयोजन सामाजिक समरसता, पारदर्शिता एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदंपत्तियों के सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभाशीष प्रदान किया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉक्टर वैभव त्रिपाठी ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का पुष्प गुच्छ एवं अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now