ब्यूरो संजय मिश्रा
चित्रकूट – जिलाधिकारी पुलकित गर्ग द्वारा जनपद में गतिमान एस.आई.आर. (SIR) प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत नगर क्षेत्र कर्वी के विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ संख्या 450 (लक्ष्मण पुरी) एवं बूथ संख्या 226 (कंपोजिट विद्यालय, कुंजन पूरवा) पर पहुँचकर पुनरीक्षण कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण कार्य में ‘तार्किक विसंगति’ के निराकरण पर सर्वाधिक ध्यान केंद्रित किया जाए। उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि इस कार्य हेतु आधार कार्ड एवं परिवार रजिस्टर का मिलान कर डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करें।
सुपरवाइजर द्वारा यह संज्ञान में लाने पर कि मतदाताओं को अभी तक नोटिस प्राप्त नहीं हुए हैं, जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल नोटिस प्रिंट कराकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि नोटिस वितरण में विलंब हुआ या कार्य में लापरवाही पाई गई, तो संबंधित उत्तरदायी कार्मिक के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ से कम से कम 50 मतदाताओं को नोटिस तामील कराते हुए उनकी सुनवाई की जाए। विसंगतियों का मौके पर ही निस्तारण कर उसे तत्काल बी.एल.ओ. एप पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं बी.एल.ओ. को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग की मंशानुसार मतदाता सूची को त्रुटिरहित और शुद्ध बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता अक्षम्य होगी।इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी, नगर क्षेत्र प्रदीप दीक्षित, खंड विकास अधिकारी कर्वी महिमा विद्यार्थी, सुपरवाइजर नरेन्द्र कुमार सहित बीएलओ उपस्थित थे।






