Home / Events / चित्रकूट -गौवंश संरक्षण एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी – डीएम पुलकित गर्ग

चित्रकूट -गौवंश संरक्षण एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी – डीएम पुलकित गर्ग

चित्रकूट – जिलाधिकारी, चित्रकूट द्वारा गौशाला बरहा कोटरा, विकासखंड मऊ का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में कुल 125 गोवंश संरक्षित पाए गए। गौशाला में भूसा की पर्याप्त व्यवस्था पाई गई, जबकि पशु आहार एवं हरे चारे की समुचित व्यवस्था नहीं पाई गई।
हरे चारे की व्यवस्था न होने पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा कड़ा असंतोष व्यक्त किया गया तथा मौके पर उपस्थित ग्राम प्रधान, सचिव एवं खंड विकास अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि गौशाला में हरे चारे की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान गौशाला की बाउंड्री वॉल टूटी हुई पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा नियमानुसार ग्राम निधि से शीघ्र मरम्मत कराए जाने के निर्देश दिए गए।
गौशाला परिसर में अत्यधिक मात्रा में गोबर एकत्रित पाया गया। इस संबंध में निर्देश दिए गए कि सभी गौशालाओं में कंपोस्ट पिट का निर्माण कर गोबर खाद तैयार की जाए तथा नियमानुसार उसकी नीलामी कराई जाए, जिससे गौशाला में साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार हो सके।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि गौशाला में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं थी। इस पर संबंधित को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के समय ग्राम प्रधान द्वारा अवगत कराया गया कि गौशाला में विद्युत व्यवस्था उपलब्ध न होने के कारण गोवंशों को पेयजल आपूर्ति में कठिनाई हो रही है तथा वर्तमान में तालाब से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इस पर जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अभियंता, विद्युत, राजापुर को निर्देशित किया गया कि गौशाला में नियमानुसार विद्युत व्यवस्था अति शीघ्र सुनिश्चित कराई जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गौवंश संरक्षण एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन सुनिश्चित करें।

ब्यूरो संजय मिश्रा

[post-views]
Share
Now