बरेली। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कैंट पुलिस द्वारा क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं मोहल्लों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के तहत पैदल मार्च किया गया। थाना प्रभारी कैंट संजय धीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम मोहनपुर, मसीत गंज गोटिया तथा ठिरिया क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया।
पैदल मार्च के दौरान थाना प्रभारी संजय धीर ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, ताजियादारों तथा स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोहर्रम एक महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर है और इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए थाना कैंट पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है।
संजय धीर ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक एवं शरारती तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस बल ने प्रमुख मार्गों, ताजिया जुलूस के संभावित रास्तों तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सहयोग की अपेक्षा जताई।
थाना कैंट पुलिस का कहना है कि मोहर्रम के दौरान क्षेत्र में लगातार गश्त, निगरानी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति एवं सद्भाव बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
थाना प्रभारी संजय धीर के नेतृत्व में निकाले गए इस पैदल मार्च से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का भरोसा दिलाया।






