लखनऊ में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की बड़ी बैठक होने जा रही है। इस बैठक को खास इसलिए माना जा रहा है क्योंकि इसमें नगर निकायों में 3000 से अधिक नई भर्तियों के मानकों पर मुहर लग सकती है।
दरअसल, नगर विकास विभाग ने हाल ही में काडर पुनर्गठन किया था। इसके बाद निकायों में केंद्रीकृत सेवा के पदों की संख्या 3085 से बढ़कर करीब 6600 हो गई है। लेकिन इन पदों को भरने के लिए अब तक नीति तय नहीं हो पाई थी। माना जा रहा है कि आज की बैठक में इस प्रस्ताव को पास कर दिया जाएगा।
बैठक के बाद सीएम योगी मंत्रिसमूह की भी बैठक करेंगे।
कैबिनेट बैठक में सिर्फ भर्ती ही नहीं, बल्कि कई और अहम फैसलों पर भी मुहर लग सकती है:
वंचित छात्रों के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल दोबारा खोले जाने का प्रस्ताव।
पंचायत चुनावों में पिछड़े वर्ग के आरक्षण को लेकर नया आयोग गठित करने का फैसला।
संभल, झांसी और फतेहपुर में निजी विश्वविद्यालयों के निर्माण और संचालन को मंजूरी।
यूपीडा, औद्योगिक विकास, नगर विकास और ऊर्जा विभाग समेत अन्य विभागों के करीब एक दर्जन प्रस्तावों पर हरी झंडी।
आज की बैठक को राज्य के विकास और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।






