Home / News / मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक और चुनावी तोहफा, रसोइये-अनुदेशक और शारीरिक शिक्षकों का मानदेय दोगुना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक और चुनावी तोहफा, रसोइये-अनुदेशक और शारीरिक शिक्षकों का मानदेय दोगुना

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर राज्य के लाखों शिक्षा सहयोगियों को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने मिड डे मील योजना से जुड़े रसोइयों, उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत रात्रि प्रहरियों और शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों के मानदेय में दोगुनी वृद्धि करने का ऐलान किया है। अब मिड डे मील योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों को पहले मिलने वाले 1650 रुपये के बजाय 3300 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। यह निर्णय राज्य के लगभग 2.5 लाख रसोइयों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। वर्षों से वे मानदेय बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। इसी के साथ उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत रात्रि प्रहरियों का मासिक मानदेय भी 5000 से बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दिया गया है। वहीं शारीरिक शिक्षा और स्वास्थ्य अनुदेशकों के लिए यह राशि 8000 से बढ़ाकर 16,000 रुपये कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा, हमने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। वर्ष 2005 में कुल बजट 4366 करोड़ था, जो अब बढ़कर 77,690 करोड़ रुपये हो गया है। यह सब शिक्षा के क्षेत्र में हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” उन्होंने यह भी बताया कि इन कर्मियों की वार्षिक वेतन वृद्धि भी 200 से बढ़ाकर 400 रुपये कर दी गई है। सरकार के इस फैसले से न सिर्फ रसोइयों और शिक्षा कर्मियों के जीवन स्तर में सुधार होगा, बल्कि इनकी कार्यक्षमता और मनोबल में भी वृद्धि की उम्मीद की जा रही है।
राज्यभर से रसोइयों और शिक्षा कर्मियों में इस फैसले को लेकर खुशी की लहर देखी जा रही है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now