Join WhatsApp Group Join WhatsApp Group

कमाल की UP पुलिस: 100 साल की बुजुर्ग महिला पर रंगदारी का मुकदमा ! आंखों से देख नहीं पाती चलने फिरने में भी…..

कानपुर पुलिस ने 100 साल की बुजुर्ग महिला के खिलाफ रंगदारी का मुकदमा लिखा है। पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची महिला ने कहा, ‘साहब… मोतियाबिंद है। आंखों से दिखता कम है। चलने-फिरने में मोहताज हूं। मेरे ऊपर कल्याणपुर थानेदार ने केस लिख दिया है। किरकिरी होने के बाद कानपुर पुलिस कमिश्नर ने CO को जांच सौंपी है।

प्लॉट पर कब्जे का है मामला
कानपुर के मिर्जापुर इलाके की नई बस्ती में चंद्रकली रहती हैं। उनकी उम्र करीब 100 साल है। चंद्रकली ने बताया कि मिर्जापुर में उनका एक प्लॉट भी है। इस पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं। इसलिए मेरे और परिवार पर मुकदमा हुआ है।

चंद्रकली और उनका परिवार वसूली गैंग चलाता है’
चंद्रकली और उनके परिवार पर माधुरी ने FIR कराई है। माधुरी ने तहरीर ने लिखा है, 6 मार्च 2012 में तहसील से एक रिपोर्ट लगी थी। जिसमें मिर्जापुर का प्लॉट हमारे नाम पर दर्ज है। चंद्रकली के परिवार ने इसके फर्जी दस्तावेज बनवा लिए हैं।

FIR में माधुरी ने आरोप लगाए हैं, 6 मई को ट्रॉली पर आए आरोपियों ने प्लॉट पर लगे गेट को तोड़ दिया। अगले दिन, यानी 7 मई को मैं और मेरे पति बाउंड्री भरवाने के लिए प्लॉट पर पहुंचे। तब सुषमा तिवारी, कृष्ण मुरारी और ममता दुबे समेत 10 से 12 लोगों ने हमला किया। काम बंद करवा दिया। धमकी दी।

माधुरी के मुताबिक, ‘चंद्रकली, सुषमा तिवारी, कृष्ण मुरारी और ममता दुबे वसूली गैंग चलाते हैं। क्योंकि ये लोग यहां काफी दिनों से रह रहे हैं। 5 से 10 लाख रुपए लिए बिना किसी का मकान नहीं बनने देते हैं। चंद्रकली देवी ने धमकी दी है कि 10 लाख रुपए दिए बिना मकान नहीं बन पाएगा। अगर रुपए नहीं दिया तो प्लाट भी जाएगा और जान भी जाएगी।

पुलिस कमिश्नर ने कहा- जांच के बाद FIR खत्म करें
माधुरी तिवारी की तरफ से पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने बुजुर्ग महिला और उनके बेटे व बहू समेत परिवार के अन्य लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। बुजुर्ग महिला पुलिस कमिश्नर के सामने पेश हुई तो कल्याणपुर थाना प्रभारी देवेंद्र दुबे और ACP की लापरवाही सामने आई। पुलिस कमिश्नर ने फटकार लगाते हुए जांच के बाद FIR खत्म करने का आदेश दिया है।

भू-माफियाओं और पुलिस की साठगांठ का आरोप
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि कल्याणपुर थाना प्रभारी देवेंद्र दुबे और ACP विकास पांडेय भू-माफिया के साथ साठगांठ करके लोगों को परेशान करते हैं। उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज करके जेल भेज देते हैं। इसके बाद दबंग जमीनों पर कब्जा कर लेते हैं। मामले पर कानपुर पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड का कहना है कि क्षेत्राधिकार को जांच सौंपी है। जांच में पुलिस कर्मियों की गलती मिलती है, तो विभागीय एक्शन होगा।

Share
Now