कमाल: उम्र 106 साल 36 बार डाल चुके हैं वोट आजाद भारत से लेकर अब तक हर चुनाव …

एनई मजदूर यूनियन के महामंत्री केएल गुप्ता की उम्र 106 हो चली है लेकिन याददाश्त और वोटिंग का जज्बा युवाओं जैसा है। वह वर्ष 1952 से ही लोकसभा और विधानसभा चुनाव से मतदान करते आ रहे हैं। इस बार 36वीं बार मतदान करेंगे। यही नहीं, गुप्ता खुद 60 बार रेल संगठन का चुनाव लड़ चुके हैं। अभी तक की जानकारी के अनुसार गुप्ता सबसे अधिक वृद्ध और सबसे अधिक बार मतदान करने वाले वोटर हैं।

मीडिया से खास बातचीत में गुप्ता ने बताया कि वह 1951 मे वोटर बन गए थे। पहली बार जब जब 1952 में विधानसभा का वोट डालने गया तो बूथ पर जो स्वागत हुआ, वह अभिभूत करने वाला था। आजाद भारत में लोकतंत्र का पहला वोट डाल जब बाहर निकलने पर खुद को गौरवान्वित कर रहा था। उंगली पर लगी स्याही काफी दिन तक मिटने नहीं दी थी। उसके बाद से लगातार लोकसभा, विधानसभा में वोट करते आ रहे हैं।

खुद भी लड़ते हैं चुनाव
रेलवे कर्मचारी के रूप में 1946 में रेल सेवा में आए कन्हैया लाल गुप्ता कुछ समय बाद रेल संगठन से जुड़ गए और लगातार चुनाव लड़ते आ रहे हैं। एनई रेलवे मजदूर संघ की तरफ से वह हर वर्ष महामंत्री पद के लिए खड़े होते हैं और ध्वनिमत से महामंत्री चुन लिए जाते हैं।

कोविड संक्रमण से अस्पताल में हैं भर्ती, चुनाव पर चर्चा रोज
केएल गुप्ता कुछ दिन पहले कोरोना से संक्रमित हो गए थे। उम्र ज्यादा देख चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया। फिलहाल वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी वह रोजाना चिकित्सकों और रेलकर्मियों से चुनाव का अपडेट लेते रहते हैं। कौन कहां से लड़ रहा है, किसके जीतने की संभावना है, किसकी टिकट कट सकती है, सभी पर जानकारी लेते रहते हैं।

विलक्षण प्रतिभा के धनी हैं केएल गुप्ता
रेलवे अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नंद किशोर का कहना कि 106 वर्ष की उम्र में भी इतनी अच्छी याददाश्त शायद ही किसी की हो। अभी भी वह बिना सहारे के चल लेते हैं। वर्षों पुरानी बातें भी उन्हें याद हैं। गुप्ता निश्चित ही विलक्षण प्रतिभा के धनी हैं।

Share
Now