सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ड्रग्स एंगल से जांच करते हुए मंगलवार को एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एनसीबी रिया से घंटों तक की पूछताछ कर चुकी है। आज लगातार तीसरे दिन रिया चक्रवर्ती को पूछताछ के लिए बुलाया गया था और एजेंसी ने दफ्तर से एक्ट्रेस को अपने कब्जे में ले लिया।
रिया को एनसीबी के डिप्टी डायरेक्टर केपीएस मल्होत्रा ने गिरफ्तार किया है। इसके बाद एक्ट्रेस को मेडिकल कराने के लिए ले जाया गया। रिया करीब साढ़े 10 बजे कार से दक्षिण मुंबई के बलार्ड एस्टेट स्थित एनसीबी के दफ्तर पहुंची थीं। इस दौरान मुंबई पुलिस गाड़ी उनकी सुरक्षा के लिए कार के साथ-साथ चल रही थी। एनसीबी ने रिया से रविवार को छह घंटे और सोमवार को आठ घंटे तक पूछताछ की थी।
सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती की गिरफ्तारी के बाद बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने कहा कि इस मामले में उजागर हो गया कि रिया चक्रवर्ती के ड्रग पैडलर्स के साथ संबंध थे। यह अब पुख्ता हो गया, जिसकी वजह से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को उसके खिलाफ जरूर सबूत मिले होंगे।
वहीं, एक्ट्रेस की गिरफ्तारी पर सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने खुशी जताई। उन्होंने गिरफ्तारी के फौरन बाद ट्वीट किया। श्वेता ने हाथ जोड़ने वाली इमोजी के साथ लिखा, ‘भगवान हमारे साथ हैं।
इससे पहले, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने कहा था कि ड्रग्स मामले में रिया का सहयोग मिल रहा है।
आखिर रिया चक्रवर्ती पुलिस के शिकंजे में,आज हुई गिरफ्तारी…
