Home / News / सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को हर घर जलेगा एक दीया : लखेंद्र पासवान

सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को हर घर जलेगा एक दीया : लखेंद्र पासवान

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

भाजपा की प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले अभियान की दी जानकारी

समस्तीपुर। भारतीय जनता पार्टी, समस्तीपुर उत्तरी की ओर से शनिवार को शहर स्थित एक निजी होटल में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखेंद्र पासवान के सम्मान से हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने उन्हें चादर, पाग एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष शशिधर झा, नीलम देवी, बिहार प्रदेश किसान मोर्चा के अध्यक्ष राम सुमिरन सिंह, डॉ. मनोज कुमार, मनोज गुप्ता, युवा मोर्चा अध्यक्ष सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा सफर को समर्पित सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के सफर में लगातार देश की सेवा की है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य देश के 140 करोड़ लोगों को विकसित, समृद्ध एवं सशक्त भारत से जोड़ना है।

मंत्री ने कहा कि इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर हर घर जलेगा सेवा के नाम एक दीया

लखेंद्र पासवान ने बताया कि अभियान का पहला कार्यक्रम ‘आशीर्वाद का दीया’ होगा। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इसी दिन भगवान विश्वकर्मा की पूजा भी होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि सेवा और संकल्प को मजबूत करने का दिन है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि 17 सितंबर की शाम सात बजे प्रत्येक व्यक्ति अपने घर से एक दीया लेकर अपने दरवाजे, घर एवं आसपास जलाए। सरकारी संस्थानों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थाओं में भी इस कार्यक्रम को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा के नाम पर जलने वाला यह दीया प्रधानमंत्री के प्रति आशीर्वाद और विकसित, समृद्ध एवं सशक्त भारत के निर्माण के संकल्प का प्रतीक होगा।

मंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को पूरे क्षेत्र में दीपों के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने लोगों से इस कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की।

प्रेस वार्ता में भाजपा के जिला अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी, नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now