रिपोर्टर पप्पू लाल पंचोली
मदीना मस्जिद से सुबह 7:30 बजे रवाना होगा जुलूस, दरगाह हजरत विलायत शाह पहुंचकर होगा समापन
फूलियाकलां। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज की ओर से बुधवार, 26 अगस्त को फूलियाकलां कस्बे में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस को लेकर अन्जुमन इस्लामिया कमेटी एवं मुस्लिम समाज की ओर से तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कमेटी के अनुसार जुलूस बुधवार सुबह 7:30 बजे मदीना मस्जिद से रवाना होगा। जुलूस कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। निर्धारित मार्ग के अनुसार जुलूस आसण चौक, कूरेशी मोहल्ला, लामरोड़ का चौक, होली का चौक, रामद्वारा चौराहा, अन्जुमन मदरसा, सदर बाजार, गढ़ का चौक एवं बस स्टैंड पहुंचेगा। इसके बाद जुलूस दरगाह हजरत विलायत शाह पहुंचकर सम्पन्न होगा।
सजावट से जगमगाया मदीना मस्जिद परिसर
ईद मिलादुन्नबी को लेकर मदीना मस्जिद को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी एवं झंडों से सजाया गया है। मस्जिद की सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कस्बे में जगह-जगह जुलूस के स्वागत एवं व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
व्यवस्थाओं को दिया जा रहा अंतिम रूप
जुलूस को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए अन्जुमन इस्लामिया कमेटी के पदाधिकारी एवं समाजजन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। जुलूस के मार्ग, स्वागत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर समाज के लोगों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
हाजी कयूम कुरैशी एवं हाफिज मेहराज आलम ने बताया कि पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब की शान में आयोजित जश्ने ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर मुस्लिम समाज की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने समाज के लोगों से जुलूस में अनुशासन, शांति और आपसी भाईचारे के साथ शामिल होने की अपील की। जुलूस को लेकर पूरे कस्बे में उत्साह और धार्मिक माहौल बना हुआ है।
भीलवाड़ा जिले की फूलियाकलां में ईद मिलादुन्नबी पर कल निकलेगा भव्य जुलूस, तैयारियां अंतिम दौर में





