Join WhatsApp Group Join WhatsApp Group

समाजवादी ने नही दिया टिकेट तो इमरान मसूद अब करेंगे क्या हाथी की सवारी? जाने….

वेस्ट यूपी में दलित-मुस्लिम कार्ड में सहारनपुर की फांस आ गई है। कांग्रेस छोड़कर सपा में गए इमरान मसूद और विधायक मसूद अख्तर के सामने सियासी संशय खड़ा हो गया है। उन्हें सपा का टिकट नहीं मिलता दिख रहा है तो वहीं भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर की भी सपा से बात परवान नहीं चढ़ पाई है। सपा गठबंधन के रुख से दलित-मुस्लिम कार्ड को झटका लगना तय माना जा रहा है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रहे इमरान मसूद और सहारनपुर देहात सीट से कांग्रेस के सिटिंग विधायक मसूद अख्तर ने दस जनवरी को कांग्रेस छोड़ सपा ज्वाइनिंग करने का ऐलान किया था। चर्चा थी कि इमरान मसूद बेहट और मसूद अख्तर को सहारनपुर देहात से टिकट मिल सकता है। लेकिन पांच दिन बाद ही इमरान मसूद और विधायक मसूद अख्तर का सपा से मोह भंग होता दिखाई दे रहा है।

विधायक मसूद अख्तर ने वीडियो वायरल करते हुए बताया कि बीते दिनों लखनऊ में वह और इमरान मसूद सपा मुखिया अखिलेश यादव से मिले थे। उन्होंने पार्टी में पूरा सम्मान देने का भरोसा दिलाया था। शनिवार को दोपहर अखिलेश यादव ने बातचीत के लिए बुलाया था। उसके बाद शाम का समय तय कर दिया। लेकिन फिर भी बुलावा नहीं आया। इंतजार के बाद शाम को जब वह सपा आफिस गए तो पता चला कि बेहट और नकुड़ से टिकट तय कर दिए गए हैं। दुखी अंदाज में उन्होंने जनता से अपील की कि वह विधायक रहे या नहीं रहें, लेकिन खून के आखिरी कतरे तक आपकी सेवा करते रहेंगे। उधर इमरान मसूद से दो बार बात करने की कोशिश की गई तो उनके मोबाइल स्विच आफ मिले।

धर्म सिंह सैनी बोले, सपा मुखिया से चल रही हैं बात: भाजपा छोड़ सपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी का दावा है कि इमरान मसूद के मुद्दे को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव से बात चल रही हैं। उनके सपा छोड़ने की बात कोरी अफवाह है। उधर सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसेन भी लखनऊ जा रहे हैं। वह इमरान मसूद के मुद्दे पर सपा मुखिया से बात करेंगे।

बसपा में जाने की चर्चा: यदि सपा से बात नहीं बनी, तो क्या होगा ? चर्चा है कि इमरान मसूद और विधायक मसूद अख्तर बसपा का दामन थाम सकते हैं। उनके निकटवर्ती सूत्र भी यही संकेत दे रहे हैं कि बसपा से तीन सीटों की बात चल रही है। आधिकारिक रूप से मसूद इस पर चुप हैं।

Share
Now