रिपोर्ट अखिलेश गौतम
सीतापुर। राजा कॉलेज मैदान में रविवार को क्रिकेट का महाकुंभ सजा। यूपी 34 प्रीमियर लीग सीजन-2 के फाइनल में सागर स्ट्राइकर्स ने बॉम्बे जायका क्लब को 9 विकेट से रौंदकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पूरा मैदान तालियों और आतिशबाजी से गूंज उठा।
सरताज की आंधी में उड़ा बॉम्बे जायका
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बॉम्बे जायका क्लब की टीम सरताज की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाई और 10 ओवर में सिर्फ 73 रन पर ढेर हो गई। विनीत ने 22 और रानू ने 13 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
सागर स्ट्राइकर्स के स्टार गेंदबाज सरताज ने अकेले 4 विकेट झटककर मैच का रुख पलट दिया, उनका साथ रमन बाजपेयी ने 3 विकेट लेकर बखूबी निभाया।
6.4 ओवर में ही खत्म कर दी कहानी
77 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी सागर स्ट्राइकर्स ने शुरू से ही आक्रामक अंदाज दिखाया। संतोष काली ने 21 रन की तेज पारी खेली और यथार्थ ने नाबाद 15 रन बनाकर टीम को सिर्फ 6.4 ओवर में 1 विकेट खोकर जीत दिला दी।
इनामों की बरसात
- चैंपियन – सागर स्ट्राइकर्स: ₹1,22,222 नकद + चमचमाती ट्रॉफी + स्वर्ण पदक
- उपविजेता – बॉम्बे जायका क्लब: ₹66,666 नकद + ट्रॉफी + रजत पदक
- तीसरा स्थान – नोमानी स्पोर्ट्स: ₹10,000 + ट्रॉफी
- चौथा स्थान – मुनीर 11: ₹10,000 + ट्रॉफी
टूर्नामेंट के हीरो
- प्लेयर ऑफ द सीरीज + फाइनल के मैन ऑफ द मैच: सरताज
- बेस्ट बल्लेबाज: जीशान गाजी
- बेस्ट गेंदबाज: आमिर भैय्यू
सागर गुप्ता बोले – सीतापुर की प्रतिभा को मिलेगा बड़ा मंच
टूर्नामेंट के अध्यक्ष एवं ब्रांड एंबेसडर सागर गुप्ता ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा, यूपी 34 प्रीमियर लीग सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, सीतापुर के युवाओं के सपनों को उड़ान देने का मंच है। यहां से निकलने वाली प्रतिभाएं आगे चलकर बड़े मंच पर जिले का नाम रोशन करेंगी।
उन्होंने सभी टीम मालिकों, खिलाड़ियों, आयोजन समिति और हजारों दर्शकों का आभार जताया। शानदार मुकाबलों और जबरदस्त उत्साह के साथ सीजन-2 का यादगार समापन हुआ।








