उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। वृंदावन और मथुरा से पिकनिक मनाकर लौट रहे कौशांबी के ओरिएंट पब्लिक स्कूल के बच्चों की बस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के करीब 209.9 किलोमीटर के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 50 बच्चे और छह शिक्षक सवार थे। मंगलवार सुबह करीब 5:45 बजे बच्चों को शौचालय जाने के लिए बस सड़क किनारे रोकी गई थी। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे आलू से लदे ट्रक ने खड़ी बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य के बाद घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा पहुंचाया गया। इस दुर्घटना में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है।
हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायल बच्चों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।






