उत्तर प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का फेसबुक पेज सस्पेंड होने की खबर ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि उनके फेसबुक पेज से करीब 90 लाख लोग जुड़े हुए थे। इतने बड़े फॉलोअर बेस वाले पेज पर अचानक कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के समर्थकों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा शुरू हो गई है।
अखिलेश यादव सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपनी राजनीतिक गतिविधियों, पार्टी के कार्यक्रमों और सरकार से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाते रहे हैं। ऐसे में उनके फेसबुक पेज का सस्पेंड होना पार्टी के डिजिटल संचार के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। हालांकि, फेसबुक यानी मेटा की ओर से पेज को सस्पेंड किए जाने की आधिकारिक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
इस मामले को लेकर अब कई सवाल उठ रहे हैं। आखिर अखिलेश यादव का फेसबुक पेज किस वजह से सस्पेंड किया गया? क्या इसके पीछे कोई तकनीकी समस्या है या फिर फेसबुक की किसी पॉलिसी से जुड़ा मामला है? फिलहाल इन सवालों पर आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार है।
करीब 90 लाख फॉलोअर्स वाले पेज पर हुई इस कार्रवाई को लेकर अब सबकी नजरें मेटा और समाजवादी पार्टी की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।






