Home / Breaking News / अब 19 साल पुराने दुकान विवाद मामले में आजम खान के घर पहुंची उत्तर प्रदेश पुलिस…..

अब 19 साल पुराने दुकान विवाद मामले में आजम खान के घर पहुंची उत्तर प्रदेश पुलिस…..

रामपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से जुड़ा करीब 19 साल पुराना दुकान तोड़ने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। न्यायालय के आदेश पर इस मामले की दोबारा जांच शुरू हो गई है। इसी सिलसिले में पुलिस आजम खां को नोटिस तामील कराने उनके आवास पर पहुंची, हालांकि वहां उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने उनके अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भिजवा दिया।

दरअसल, मामला वर्ष 2007 का है। रामपुर के गंज थाना क्षेत्र के शहरी इलाके में एक दुकान तोड़े जाने का आरोप लगा था। इस प्रकरण में आजम खां को भी आरोपी बनाया गया था। उस समय पुलिस ने मामले की जांच पूरी करने के बाद अंतिम रिपोर्ट यानी एफआर लगा दी थी।

हालांकि, दुकान स्वामी ने पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट न होकर दोबारा न्यायालय का रुख किया। इसके बाद अदालत ने मामले की पुनर्विवेचना के आदेश जारी कर दिए।

नए आदेश के बाद इस मामले की जांच की जिम्मेदारी पटवाई थाना प्रभारी पवन शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस पिछले तीन दिनों से आजम खां को नोटिस तामील कराने का प्रयास कर रही है। रविवार को भी पुलिस टीम उनके आवास पहुंची, लेकिन मुलाकात नहीं होने पर नोटिस अधिवक्ता के माध्यम से भेज दिया गया।

एसपी अनिल सिंह शिशोदिया ने पुनर्विवेचना की पुष्टि करते हुए बताया कि न्यायालय के आदेश पर मामले की दोबारा जांच कराई जा रही है और इसकी जिम्मेदारी पटवाई थाना प्रभारी को दी गई है।

फिलहाल, करीब दो दशक पुराने इस मामले में पुलिस की दोबारा जांच शुरू होने के बाद आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now