समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई के बाद रामपुर की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। अब चर्चा सिर्फ आजम खान की राजनीतिक वापसी तक सीमित नहीं है, बल्कि सवाल यह भी उठ रहा है कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में उनके परिवार से कौन चुनावी मैदान में उतर सकता है। आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की कानूनी मुश्किलों के बीच परिवार की राजनीतिक विरासत संभालने के लिए नए चेहरे की तलाश शुरू हो गई है।
इस सियासी चर्चा में आजम खान की पत्नी और पूर्व विधायक डॉ. तजीन फातिमा का नाम सबसे ज्यादा सामने आ रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह उनका राजनीतिक अनुभव है। तजीन फातिमा रामपुर विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं। साल 2019 के उपचुनाव में उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी को हराकर जीत भी दर्ज की थी। ऐसे में अगर आजम खान और अब्दुल्ला आजम की चुनावी राह में कानूनी अड़चनें बरकरार रहती हैं, तो तजीन फातिमा परिवार की सियासी ताकत बनकर उभर सकती हैं।
वहीं, आजम खान के बड़े बेटे अदीब और उनकी मुंहबोली बेटी एकता कौशिक के नाम भी चर्चा में हैं, लेकिन दोनों ने अब तक सक्रिय चुनावी राजनीति में कोई खास भूमिका नहीं निभाई है। ऐसे में फिलहाल तजीन फातिमा का नाम इस दौड़ में आगे माना जा रहा है।
दूसरी ओर, आजम खान के सामने कई आपराधिक मामलों में हुई सजाएं चुनाव लड़ने की राह में चुनौती बनी हुई हैं। अलग-अलग मामलों में उन्हें दो साल से लेकर दस साल तक की सजा सुनाई जा चुकी है। हालांकि, दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाई है। इसके बावजूद अन्य मामलों में मिली सजाओं के चलते उनकी चुनावी पात्रता पर सवाल बने हुए हैं।
अब्दुल्ला आजम की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। छजलैट मामले में दो साल की सजा के चलते उनकी विधायकी पहले ही जा चुकी है। वहीं, दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है, लेकिन दो पैन कार्ड मामले में हाईकोर्ट ने सजा पर रोक लगाई थी, दोषसिद्धि पर नहीं। यही वजह है कि उनके चुनाव लड़ने को लेकर कानूनी स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं है।
ऐसे में रामपुर की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सवाल यही है कि क्या तजीन फातिमा 2027 के विधानसभा चुनाव में आजम खान के परिवार की राजनीतिक विरासत संभालेंगी या फिर परिवार से कोई दूसरा चेहरा सामने आएगा? फिलहाल इस पर अंतिम फैसला होना बाकी है, लेकिन रामपुर की सियासत में तजीन फातिमा की संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हैं।





