Home / Breaking News / कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में भीषण अग्निकांड, मां-बेटी समेत दो की मौत, कई लोग गंभीर

कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में भीषण अग्निकांड, मां-बेटी समेत दो की मौत, कई लोग गंभीर

उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में तड़के करीब 4:30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इमारत में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

आग लगने के बाद अपार्टमेंट में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने तत्काल मोर्चा संभाला। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

एसीपी कोतवाली अमित पांडे के मुताबिक, सुबह करीब 4:15 से 4:30 बजे के बीच आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस और दमकल विभाग ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। इस दौरान कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ लोग आग से बचने के लिए बालकनी से बगल की छत पर पहुंच गए, जिससे उन्हें चोटें भी आईं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस हादसे के बाद अपार्टमेंट में सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now