बहेड़ी में एसओजी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से हथियार तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश, इंस्टाग्राम-व्हाट्सएप चैट में हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत के साक्ष्य मिलने का दावा
बरेली। बरेली के बहेड़ी में पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के एक ऐसे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसकी परतें खुलने के साथ मामला और गंभीर होता जा रहा है। सड़क किनारे स्थित एक खंडहर को अवैध असलहा फैक्ट्री में तब्दील कर वहां हथियार तैयार किए जा रहे थे। एसओजी और बहेड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापा मारकर मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल से सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क था और हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत के डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। इस खुलासे के बाद पुलिस अब अवैध हथियारों के कारोबार के साथ कथित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है।
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि बरेली-बहेड़ी मार्ग पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले सड़क किनारे स्थित एक खंडहर में अवैध असलहे तैयार किए जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा और बहेड़ी पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी की। रात करीब 1:35 बजे खंडहर में छापा मारा गया तो वहां हथियार बनाने का काम चल रहा था। पुलिस ने मौके से चार लोगों को दबोच लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क का दावा, डिजिटल साक्ष्य खंगाल रही पुलिस
मामले में गिरफ्तार सुखराज सिंह के मोबाइल फोन की जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर से संपर्क के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के अनुसार, सुखराज इंस्टाग्राम के माध्यम से उसके संपर्क में था। व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, मोबाइल में कई चैट डिलीट मिली हैं। ऐसे में पुलिस डिजिटल डेटा रिकवर कराने और बातचीत की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फिलहाल यह जांच का विषय है कि कथित पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क की वास्तविक प्रकृति क्या थी और उसका अवैध हथियारों के नेटवर्क से कितना जुड़ाव था।
इशरत पहलवान के नाम ने खोली नेटवर्क की दूसरी कड़ी
पूछताछ के दौरान इशरत पहलवान का नाम भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, इशरत पूर्व में हथियार तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों ने उससे असलहा लेने की बात स्वीकार की है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इशरत की भूमिका केवल हथियार उपलब्ध कराने तक सीमित थी या वह इस अवैध कारोबार के बड़े नेटवर्क का हिस्सा भी था। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि खंडहर में तैयार किए जा रहे हथियार किन लोगों को सप्लाई किए जाने थे और अब तक कितने हथियार इस नेटवर्क के जरिए खपाए जा चुके हैं।
फैक्ट्री से तमंचा, पिस्टल, रायफल और हथियार बनाने का सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का तमंचा, एक 9 एमएम की अवैध पिस्टल, एक 315 बोर की रायफल, जिंदा कारतूस, 12 बोर की दो अधबनी लोहे की नाल, शिकंजा मशीन, हथियार बनाने के उपकरण और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद अधबनी नाल और उपकरण इस बात की ओर इशारा करते हैं कि खंडहर में हथियारों के निर्माण का काम बाकायदा चल रहा था।
चार गिरफ्तार, दो फरार आरोपियों की तलाश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखराज सिंह (19), शानू मियां (29), जीवनदीप सिंह (24) और जसनूर सिंह (30) के रूप में हुई है। आरोपी बरेली, रामपुर और पीलीभीत के रहने वाले बताए गए हैं। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
एसएसपी ने प्रेसवार्ता कर किया खुलासा
रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी अनुराग आर्य ने इस कार्रवाई का खुलासा किया। बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क, इशरत पहलवान की भूमिका और मोबाइल फोन में मिले डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा और उनकी टीम के साथ बहेड़ी पुलिस के उपनिरीक्षक तेजपाल सिंह, हेड कांस्टेबल विकास पंवार, राजीव कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल अतुल नागर शामिल रहे।
जांच के सामने तीन बड़े सवाल
इस पूरे मामले में अब सबसे अहम सवाल यह है कि खंडहर में तैयार हो रहे हथियारों की सप्लाई किन लोगों तक पहुंच रही थी, फरार दोनों आरोपियों की नेटवर्क में क्या भूमिका थी और गिरफ्तार आरोपी का कथित पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क केवल सोशल मीडिया तक सीमित था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। पुलिस की डिजिटल जांच और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी से इस अवैध असलहा फैक्ट्री के पूरे नेटवर्क की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।





