बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर):
राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में नई संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के निर्देश और जिलाध्यक्ष संजय राठी के अनुमोदन पर शान मोहम्मद को बुढ़ाना विधानसभा इकाई का महासचिव नियुक्त किया गया है।
संगठन के विस्तार के तहत अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पार्टी नेतृत्व ने अभिषेक सौदाई को विधानसभा उपाध्यक्ष और धर्मेंद्र तोमर को क्षेत्रीय महामंत्री पद का दायित्व सौंपा है।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को विधिवत मनोनयन पत्र सौंपते हुए फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि इन युवा और निष्ठावान चेहरों के संगठन में आने से क्षेत्र में पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
मनोनयन के उपरांत नवनियुक्त महासचिव शान मोहम्मद, उपाध्यक्ष अभिषेक सौदाई और क्षेत्रीय महामंत्री धर्मेंद्र तोमर ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह व जिलाध्यक्ष संजय राठी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे संगठन के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेंगे और किसानों, मजदूरों व युवाओं के हकों की आवाज को मजबूती से उठाते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
इस दौरान क्षेत्र के अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे और उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।
रालोद ने बुढ़ाना विधानसभा में किया संगठन विस्तार: शान मोहम्मद बने महासचिव, अभिषेक सौदाई उपाध्यक्ष और धर्मेंद्र तोमर क्षेत्रीय महामंत्री मनोनीत






