झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत आधा दर्जन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, खाद्य कारोबारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
झालावाड़/भवानी मंडी। दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा दल द्वारा भवानी मंडी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर जांच एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 9 नमूने लिए गए।
अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद साजिद ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान अविचल चतुर्वेदी तथा जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देशन में जिले में ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत दीपावली पर्व पर उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने भवानी मंडी क्षेत्र के आधा दर्जन खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान केसर बाटी, रसगुल्ला, बेसन के लड्डू, अचार एवं ड्राई फ्रूट्स सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 9 नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए लिए गए। इन नमूनों को जांच हेतु खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्रयोगशाला, कोटा भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य कारोबारियों को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने खाद्य कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठान के प्रमुख एवं स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले स्थान पर खाद्य अनुज्ञा पत्र प्रदर्शित करने, सभी कार्मिकों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने तथा खाद्य पदार्थों का निर्माण स्वच्छता के साथ करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त मिठाइयों में खाद्य रंगों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की बिक्री सुनिश्चित करने, तलने वाले तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने तथा खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिले की सीमाओं पर भी निगरानी
दीपावली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर जिले के बाहर से आने वाले खाद्य पदार्थों की जांच के लिए जिले की सीमाओं पर भी निगरानी रखी जा रही है। खाद्य सुरक्षा दल द्वारा मिलावट की रोकथाम एवं आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा दल रहा मौजूद
इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी जी.एस. गुर्जर, भूराराम गोदारा, आशीष सिंह कुशवाहा, सुनील कुमार, प्रवीण कुमार एवं जगदीश चंद्र नागर सहित खाद्य सुरक्षा दल के सदस्य मौजूद रहे।






