ब्यूरो संजय मिश्रा चित्रकूट
चित्रकूट – जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में आज तहसील सभागार, मानिकपुर में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से भी शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिया जाता है, इसलिए अधिकारी प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसका संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई की जाए तथा महिलाओं से संबंधित प्रकरणों को विशेष प्राथमिकता देते हुए उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
तहसील समाधान दिवस मानिकपुर में कुल 210 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें 9 का तत्काल निस्तारण करा दिया गया।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






