Home / News / अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों को किया गया सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों को किया गया सम्मानित

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, समस्तीपुर के तत्वावधान में जिले के विभिन्न बुनियाद केंद्रों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का मुख्य विषय “अंतरपीढ़ी संबंधों को सुदृढ़ करना एवं अनुभवों का आदान-प्रदान” रहा।

इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उनके प्रति आदर एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। साथ ही युवा पीढ़ी और वरिष्ठ नागरिकों के बीच संवाद एवं अनुभव साझा करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। वरिष्ठ नागरिकों ने युवाओं के साथ अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष, उपलब्धियों और महत्वपूर्ण सीख साझा की।

कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों के बीच आपसी समझ, सम्मान, संवेदनशीलता एवं आत्मीय संबंधों को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान चित्रकला, कहानी वाचन सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनमें वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा, सामाजिक सुरक्षा और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, ज्ञान और मार्गदर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।

जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा पीढ़ियों के बीच संवाद और सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now