Home / News / पूजा पर्व पर यात्रियों को बड़ी राहत, समस्तीपुर मंडल से चलेंगी कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें

पूजा पर्व पर यात्रियों को बड़ी राहत, समस्तीपुर मंडल से चलेंगी कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें

लोकेशन : समस्तीपुर
रिपोर्ट : नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर । आगामी पूजा एवं पर्व-त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने समस्तीपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों से कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के परिचालन से दिल्ली, आनंद विहार, शकूरबस्ती, ऋषिकेश सहित बिहार के विभिन्न शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध होगी।

रेलवे के अनुसार आनंद विहार-जोगबनी-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संख्या 04008/04007 का परिचालन 10 अक्टूबर से 8 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और रविवार किया जाएगा। यह ट्रेन शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नवगछिया, कटिहार, पूर्णिया, अररिया कोर्ट और फारबिसगंज के रास्ते चलेगी।

वहीं दिल्ली-सीतामढ़ी-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संख्या 04010/04009 का परिचालन 15 अक्टूबर से 21 नवंबर तक निर्धारित दिनों में होगा। यह ट्रेन बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल और बैरगनिया के रास्ते सीतामढ़ी पहुंचेगी।

आनंद विहार-मुजफ्फरपुर-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संख्या 04028/04027 का परिचालन 13 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार, शुक्रवार तथा वापसी में बुधवार एवं शनिवार को किया जाएगा। यह ट्रेन हाजीपुर और सोनपुर के रास्ते मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।

इसी तरह योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर-योगनगरी ऋषिकेश फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संख्या 04314/04313 का परिचालन 4 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक रविवार एवं सोमवार को होगा। ट्रेन हाजीपुर और सोनपुर के रास्ते मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।

नई दिल्ली-सुपौल-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संख्या 04072/04071 का परिचालन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक किया जाएगा। यह ट्रेन हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा के रास्ते सुपौल पहुंचेगी।

इसके अलावा शकूरबस्ती-दरभंगा-शकूरबस्ती फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संख्या 04098/04097 का परिचालन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक किया जाएगा। यह ट्रेन सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और बगहा के रास्ते दरभंगा पहुंचेगी तथा वापसी में इसी मार्ग से शकूरबस्ती जाएगी।

दिल्ली-कामाख्या-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संख्या 04076/04075 का भी परिचालन अक्टूबर और नवंबर में निर्धारित दिनों पर किया जाएगा। यह ट्रेन डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, बरौनी और कटिहार के रास्ते कामाख्या पहुंचेगी।

इसके अतिरिक्त आनंद विहार-लौकहा बाजार-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संख्या 04014/04013 का प्रतिदिन परिचालन किया जा रहा है। यह सेवा 29 नवंबर तक आनंद विहार से लौकहा बाजार और 30 नवंबर तक लौकहा बाजार से आनंद विहार के बीच उपलब्ध रहेगी।

रेलवे के इस निर्णय से पूजा के दौरान दिल्ली, उत्तर बिहार, सीमांचल, मिथिलांचल और पूर्वोत्तर बिहार की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों की सुविधा मिलने की उम्मीद है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से अवश्य जांच लें।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now