लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने स्वच्छता कर्मियों के साथ समाहरणालय परिसर में स्वच्छता की शपथ दिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, निदेशक डीआरडीए, जिला समन्वयक, सलाहकार सहित प्रखंड स्तरीय कर्मी मौजूद रहे। अभियान जिले की सभी पंचायतों में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत विकसित भारत’ निर्धारित की गई है।
अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में गंदगी के छोटे-बड़े चिन्हित स्थानों यानी क्लीनलिनेस टारगेट यूनिट्स (CTUs) को साफ कर गंदगी मुक्त बनाने पर विशेष जोर रहेगा। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
सफाई कर्मियों के लिए सुरक्षा शिविर आयोजित कर उनकी स्वास्थ्य जांच, बीमा तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की जाएगी। वहीं स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
अभियान के दौरान लोगों को जूट, कपड़े, कागज अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री से बने थैलों का उपयोग करने, प्लास्टिक कचरा नहीं फैलाने तथा अपने घर एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। गांव, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को प्लास्टिक कचरे से मुक्त बनाने के लिए अभियान एवं श्रमदान भी किया जाएगा।
निर्धारित अवधि में सरकारी एवं निजी कार्यालयों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, हाट-बाजारों तथा जलस्रोतों समेत अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कराई जाएगी। अभियान के तहत कराए गए स्वच्छता कार्यों की तस्वीरें स्वच्छता ही सेवा पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड समन्वयकों को जिला स्वच्छता कार्यालय से समन्वय स्थापित कर अभियान से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया है।












