बरेली। उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ संबद्ध भारतीय मजदूर संघ एवं भारतीय परिवहन मजदूर महासंघ के आह्वान पर कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर पुराने रोडवेज परिसर में धरना दिया। धरने का नेतृत्व क्षेत्रीय मंत्री रवि प्रकाश ने किया।
रवि प्रकाश ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष पूर्व में हुई बैठक में कई मुद्दे उठाए गए थे, लेकिन विभाग स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने निर्धारित मानकों के विपरीत रोडवेज कर्मचारी कल्याण संघ को दी गई मान्यता समाप्त करने की मांग की।
उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप संविदा कर्मचारियों की सेवा नियमावली लागू करने, रिक्त पदों के सापेक्ष संविदा कर्मियों को नियमित करने तथा मृतक आश्रितों की नियुक्ति क्षेत्रीय स्तर पर करने की मांग की। संविदा कर्मियों को ईपीएफ के साथ ईएसआई सुविधा देने की भी मांग रखी गई।
नियमित कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता, लंबित डीए की किस्तों का भुगतान, संविदा कर्मियों के वेतन में छह माह पर 10 प्रतिशत वृद्धि और चालकों-परिचालकों के वेतन से ई-चालान व डीजल औसत के नाम पर कटौती बंद करने की मांग की गई।
इसके अलावा कैशलेस चिकित्सा सुविधा, दिवाली से पूर्व बोनस, अवैध संचालन पर रोक तथा छठे-सातवें वेतनमान की अवशेष धनराशि का भुगतान कराने की मांग भी की गई। धरना में दशरथ प्रसाद यादव देवेंद्र गंगवार, रवि प्रकाश , राघवेंद्र शर्मा , नरेंद्र प्रकाश सक्सेना , शाने हैदर , अमित कुमार , अरविंद , राजकुमार श्रीवास्तव, साधूराम दिवाकर , राजेन्द्र पाली , शिव नारायण आदि मौजूद थे ।
रोडवेज कर्मचारियों ने संविदा कर्मचारी नियमित करने सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर उठाई आवाज





