लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
कोपरिया-सिमरी बख्तियारपुर रेलखंड पर गर्डर लॉन्चिंग का होगा काम, सितंबर-अक्टूबर में निर्धारित तिथियों पर ट्रेनों के समय में बदलाव
समस्तीपुर । पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल अंतर्गत मानसी-सहरसा रेलखंड के कोपरिया एवं सिमरी बख्तियारपुर स्टेशनों के बीच समपार फाटक संख्या 14/सी पर रेल उपरिगामी पुल (ROB) निर्माण के लिए गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा। इसके लिए सितंबर और अक्टूबर 2026 में कुल 12 दिनों तक प्रतिदिन दो घंटे का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, सुबह 7:45 बजे से 9:45 बजे तक ब्लॉक रहेगा। सितंबर में 18, 19, 22, 24, 26, 27 और 28 तारीख को तथा अक्टूबर में 6, 8, 10 और 12 तारीख को निर्धारित कार्य किया जाएगा।
ब्लॉक के कारण इस रेलखंड से गुजरने वाली तीन ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। गाड़ी संख्या 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस को निर्धारित ब्लॉक वाले दिनों में सहरसा-सिमरी बख्तियारपुर के बीच 45 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा। वहीं, गाड़ी संख्या 63343 सहरसा-समस्तीपुर मेमू पैसेंजर को सभी निर्धारित 12 तिथियों पर सहरसा से 90 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाया जाएगा। गाड़ी संख्या 55566 समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर को हसनपुर रोड-मानसी के बीच 60 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
रेलवे का कहना है कि स्टेट हाईवे-95 पर बन रहे इस आरओबी के पूरा होने के बाद समपार फाटक पर बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। मानसी-सिमरी बख्तियारपुर के बीच आवागमन करने वाले लोगों को फाटक बंद होने के कारण रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन की बचत होगी। साथ ही, रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क एवं रेल यातायात के बीच टकराव का जोखिम भी कम होगा।
आरओबी निर्माण से क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों के परिचालन समय की पुष्टि करने की अपील की है।






