रिपोर्ट अखिलेश गौतम
सीतापुर। रक्षाबंधन त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी सीतापुर के निर्देश एवं सहायक आयुक्त खाद्य के आदेश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में गठित पांच टीमों ने जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं खाद्य स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान टीमों ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 29 नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। इनमें खोया, पनीर, खोया पान मिठाई, मगदल, मिल्क केक, पेड़ा, बर्फी, बूंदी लड्डू, बेसन लड्डू, छैना मिठाई, लौंग, मिश्रित दूध, चीनी, दही, बेसन बूंदी और उड़द दाल सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं।
कार्रवाई के क्रम में थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र स्थित रामदुलारे पुत्र कन्हई के प्रतिष्ठान से अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में पाया गया लगभग 60 किलोग्राम लौंज, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई गई, को जनहित में मौके पर ही तत्काल प्रभाव से नष्ट करा दिया गया।
खाद्य विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी त्योहारों को देखते हुए मिलावटखोरी अथवा अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने आम जनमानस से भी अपील की है कि बाजार में बिकने वाली अत्यधिक रंग-बिरंगी और आकर्षक मिठाइयों को खरीदते समय सावधानी बरतें। ऐसी मिठाइयों में मिलावटी अथवा गैर-अनुमोदित रासायनिक रंगों का प्रयोग हो सकता है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक साबित हो सकते हैं।






