लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
–
संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मोरदिवा पंचायत भवन परिसर में विशेष ‘संत रविदास शिविर’ का आयोजन किया गया। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग तथा बिहार महादलित विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर का उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पदाधिकारियों ने संत रविदास के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संत रविदास के विचारों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को याद किया।
समानता और सामाजिक समरसता का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि संत रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां जाति, धर्म और वर्ग के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो तथा सभी को समान अधिकार और सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य भी इसी समतामूलक सोच के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं को पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास शिविर केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की पहल है। शिविर में प्राप्त आवेदनों की समयबद्ध समीक्षा कर उनके गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का प्रयास किया जाएगा।
विभिन्न विभागों के लगाए गए सहायता पटल
शिविर में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग सहायता पटल लगाए गए। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पंचायती राज, समाज कल्याण, राजस्व और आपूर्ति समेत कई विभागों के कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, छात्रवृत्ति, भूमि संबंधी विवाद, स्वास्थ्य जांच और कृषि से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवेदन दिए। अधिकारियों और कर्मियों द्वारा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों को नियमानुसार कार्रवाई के लिए दर्ज किया गया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष, प्रखंड उप प्रमुख तथा स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी शिविर में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मंगलेश कुमार ने किया।
अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अधिकारियों, विभागीय कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर के माध्यम से प्रशासन ने सरकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का संदेश दिया।









