भद्रक जिले में हुई एक डकैती की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए झारखंड से आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में लूट का सामान, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और डकैती में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।
आरोप है कि बदमाश घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को बंदूक दिखाकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद दो लोहे की अलमारियां तोड़कर करीब 90 हजार रुपये नकद, लगभग 14 तोला सोने के आभूषण, करीब 250 ग्राम चांदी के आभूषण और दो मोबाइल फोन लूट लिए।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों के एकत्र होकर हंगामा करने पर आरोपी लोगों की ओर बंदूक तानकर मौके से फरार हो गए। जल्दबाजी में भागने के दौरान आरोपी घटनास्थल पर एक Hero Xtreme मोटरसाइकिल (OD-22-AA-9597) और एक Royal Enfield Bullet (OD-22-AE-2165) छोड़ गए। पुलिस जांच में दोनों वाहन अहम सुराग साबित हुए।
शिकायत मिलने के बाद भद्रक ग्रामीण थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न सूत्रों से जानकारी जुटाकर आरोपियों का ठिकाना पता लगाया और आखिरकार झारखंड से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ तथा आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर लूट का सामान और अन्य सामग्री बरामद की गई।
जब्त हुई नकदी, सोना-चांदी और मोबाइल
पुलिस के अनुसार, भरत साव उर्फ खुपा उर्फ फौजी उर्फ मुकेश राजक के पास से 60,000 रुपये नकद, करीब 3.10 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग 220 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
इसी तरह मोहम्मद करीम अंसारी उर्फ ड्राइवर उर्फ मुन्ना के पास से 40,000 रुपये नकद और करीब 250 ग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए गए।
ओकाश दास के पास से 4,500 रुपये नकद और लगभग 25.70 ग्राम चांदी के आभूषण, लालबहादुर साव के पास से 4,500 रुपये नकद और लगभग 26.30 ग्राम चांदी के आभूषण तथा देवीलाल दास के पास से 5,500 रुपये नकद और करीब 25.40 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए।
इसके अलावा कालाचंद साव के पास से 3,000 रुपये नकद और करीब 18.50 ग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए गए। जांच के दौरान डकैती में इस्तेमाल की गई ब्रिजा कार (JH-10-CE-0740) भी पुलिस ने बरामद की है। इसके साथ ही कुल 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इससे पहले 07.08.2026 को कोर्ट में पेश किए गए आरोपी आदित्य राणा के पास से भी करीब 70 ग्राम सोना और 350 ग्राम चांदी बरामद की गई थी।
आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज
जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ भद्रक ग्रामीण, बरंग, सिमुलिया और धामनगर थाना सहित विभिन्न थानों में डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
इनमें भद्रक ग्रामीण थाना केस नंबर 419, दिनांक 23.05.2026; भद्रक ग्रामीण थाना केस नंबर 541, दिनांक 14.07.2026; बरंग थाना केस नंबर 346, दिनांक 14.07.2026; बरंग थाना केस नंबर 89, दिनांक 20.02.2026; सिमुलिया थाना केस नंबर 182, दिनांक 14.05.2026; सिमुलिया थाना केस नंबर 255, दिनांक 04.07.2026; बरंग थाना केस नंबर 148, दिनांक 10.05.2026 और धामनगर थाना केस नंबर 317, दिनांक 03.08.2026 शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इन मामलों में BNS की विभिन्न धाराओं के साथ Arms Act की धाराएं भी लगाई गई हैं।
जांच जारी, अन्य सहयोगियों की तलाश
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में और कितने लोग शामिल थे, लूट का बाकी सामान कहां रखा गया है और डकैती में किन-किन साधनों का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस की जांच अभी जारी है। बरामद सामान और आरोपियों से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में जांच पूरी होने के बाद और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
भद्रक जिला से अब्दुल फिरोज खां की रिपोर्ट, एक्सप्रेस न्यूज़ भारत।






