बिहार में सुशासन, पारदर्शिता और समयबद्ध सेवा प्रदायगी की दिशा में बाँका जिला ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यशैली का परिचय देते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना द्वारा जारी जुलाई 2026 की राज्य स्तरीय रैंकिंग में लोक सेवा प्रदायगी के क्षेत्र में बाँका जिला पूरे बिहार में प्रथम स्थान पर रहा, जबकि भागलपुर जिला दूसरे स्थान पर रहा।
यह उपलब्धि जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के सशक्त, दूरदर्शी और परिणामोन्मुखी नेतृत्व का प्रत्यक्ष परिणाम मानी जा रही है। उनके कुशल मार्गदर्शन, नियमित समीक्षा, प्रभावी अनुश्रवण और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था के कारण जिले में लोक सेवाओं की प्रदायगी को नई गति और गुणवत्ता मिली है।
राज्य स्तरीय रैंकिंग में जिलों का मूल्यांकन समयबद्ध सेवा निष्पादन, आवेदनों के त्वरित निपटारे, अपीलों के प्रभावी निष्पादन, पारदर्शिता, अनुश्रवण व्यवस्था और जनसंतुष्टि जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर किया जाता है। इन मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बाँका ने राज्य में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है।
जिला प्रशासन की प्राथमिकता रही है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सरकारी सेवाएँ उपलब्ध हों और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब की स्थिति उत्पन्न न हो। इसी उद्देश्य से जिला पदाधिकारी द्वारा समय-समय पर संबंधित पदाधिकारियों, आईटी सहायकों और कार्यपालक सहायकों के साथ समीक्षा बैठकें आयोजित कर कार्यों की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया जाता है।
इस शानदार उपलब्धि में अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण,बांका, कुमार मिथिलेश प्रसाद सिंह , विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जिला आईटी प्रबंधक प्रमोद कुमार चौधरी, आईटी सहायक एवं कार्यपालक सहायकों की सक्रिय सहभागिता और समर्पित कार्यशैली का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
बाँका की यह उपलब्धि महज एक रैंकिंग नहीं, बल्कि जवाबदेह प्रशासन, पारदर्शी व्यवस्था और समयबद्ध जनसेवा के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। टीम भावना और बेहतर समन्वय के साथ बाँका जिला लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन की ओर अग्रसर है। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।






