लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
राजभाषा, गति शक्ति, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, टीआरडी, स्क्रैप निस्तारण और रेल मदद समेत कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, नरकटियागंज व जयनगर स्टेशन भी हुए सम्मानित
पूर्व मध्य रेल के 71वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार (VRSP)-2026 में समस्तीपुर मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 13 दक्षता शील्ड अपने नाम की हैं। इस उपलब्धि ने प्रशासनिक दक्षता, उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और टीम भावना के मामले में समस्तीपुर मंडल को पूर्व मध्य रेल के अग्रणी मंडलों में शामिल कर दिया है। कई शील्ड मंडल को एकल विजेता के रूप में मिलीं, जबकि कुछ पुरस्कार अन्य मंडलों के साथ संयुक्त रूप से प्रदान किए गए।
मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने संबंधित विभागों के शाखा अधिकारियों के साथ सभी शील्ड प्राप्त कीं। समस्तीपुर मंडल को बेस्ट स्क्रैप डिस्पोजल, राजभाषा अंतर मंडलीय दक्षता, बेस्ट टीआरडी (TRD) तथा बेस्ट गति शक्ति यूनिट जैसी प्रतिष्ठित शील्ड एकल रूप से प्राप्त हुईं। वहीं सिग्नल एफिशिएंसी, लेवल क्रॉसिंग एवं आरओबी/आरयूबी सेफ्टी वर्क्स, इंजीनियरिंग एफिशिएंसी, मेडिकल एफिशिएंसी तथा रेल मदद (सार्वजनिक शिकायत निवारण) श्रेणियों में संयुक्त रूप से सम्मान मिला।
समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत आने वाली इकाइयों ने भी अपनी अलग पहचान बनाई। नरकटियागंज स्टेशन को मध्यम श्रेणी स्टेशन में क्लीनलीनेस शील्ड, जबकि जयनगर रनिंग रूम को बेस्ट रनिंग रूम शील्ड (संयुक्त विजेता) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्टेशन की स्वच्छता तथा रनिंग स्टाफ को उपलब्ध कराई जा रही बेहतर सुविधाओं का प्रमाण माना जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे मंडल की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि समस्तीपुर मंडल भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूर्व मध्य रेल और भारतीय रेल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।











