झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
कक्षा-कक्ष एवं टीन शेड निर्माण कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का बुनियादी ढांचा होगा मजबूत
झालावाड़, 2 अगस्त। पूर्व मुख्यमंत्री एवं झालरापाटन विधायक श्रीमती वसुंधरा राजे ने अपने विधायक कोष से वर्ष 2026-27 के लिए झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र के 15 राजकीय विद्यालयों में कक्षा-कक्ष एवं टीन शेड निर्माण कार्यों के लिए कुल 2 करोड़ 15 लाख रुपए की अनुशंसा एवं स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में उन्होंने जिला प्रशासन को स्वीकृत कार्यों को जनहित में शीघ्र प्रारंभ कराने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि श्रीमती राजे द्वारा स्वीकृत कार्यों में अधिकांश विद्यालयों में दो कक्षा-कक्ष एवं टीन शेड निर्माण तथा एक विद्यालय में टीन शेड निर्माण कार्य शामिल है। प्रत्येक प्रमुख कार्य के लिए 14-14 लाख रुपए, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बावड़ीखेड़ा के लिए 28 लाख तथा एक कार्य के लिए 5 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के पूर्ण होने से विद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा तथा विद्यार्थियों को मूलभूत शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इन विद्यालयों को मिलेगा लाभ
स्वीकृत कार्यों में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेराना, ओड़ियाखेड़ी, बावड़ीखेड़ा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढाबलाभोज, लक्ष्मीपुरा, खड़गपुरा, कालियाखेड़ी, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छोड़ी, बोरदा, रूपारेल, रमायमहू, नई बस्ती खारपकला, माडा, तीतरी तथा लालगांव में टीन शेड निर्माण कार्य शामिल हैं।
ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ
इन निर्माण कार्यों से विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध होंगे, जिससे विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप बैठने एवं अध्ययन की समुचित व्यवस्था हो सकेगी। साथ ही टीन शेड निर्माण से प्रार्थना सभा, मध्याह्न भोजन, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य शैक्षणिक आयोजनों के लिए सुरक्षित एवं उपयोगी स्थान उपलब्ध होगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह स्वीकृति महत्वपूर्ण साबित होगी।
कुल 15 विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ 15 लाख रुपए की स्वीकृति झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र में शैक्षणिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इससे सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।






