देवबंद, सहारनपुर।
देवबंद में गुरुवार को केंद्रीय प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम की मौजूदगी से हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम एक इत्र कारोबारी की तलाश में देवबंद पहुंची थी। बताया जा रहा है कि संबंधित कारोबारी मूल रूप से पश्चिम बंगाल का निवासी है और लंबे समय से देवबंद में रहकर इत्र के कारोबार से जुड़ा हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम करीब एक घंटे तक देवबंद में विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल और पूछताछ करती रही। हालांकि टीम को संबंधित कारोबारी मौके पर नहीं मिला। इसके बाद टीम सहारनपुर के लिए रवाना हो गई।
ईडी की कार्रवाई की सूचना मिलते ही इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि केंद्रीय एजेंसी की ओर से फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही छापेमारी के उद्देश्य अथवा मामले की पुष्टि की गई है।
सूत्रों का कहना है कि संबंधित कारोबारी की गतिविधियों को लेकर जांच एजेंसियां पहले से जानकारी जुटा रही थीं। फिलहाल पूरे मामले को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।






