सागर (मध्यप्रदेश)
लालसाहब लोधी
एक सप्ताह में करें लंबित प्रकरणों का निराकरण: कमिश्नर श्री सुचारी
सागर,16 जुलाई 2026:
कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी ने संभाग के समस्त नगरीय निकायों में लंबित भवन/भूमि नामांतरण और भवन अनुज्ञा प्रकरणों की सख्त समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण एक सप्ताह के अंदर हर हाल में किया जाए।
लंबित प्रकरणों की संख्या चिंताजनक
कमिश्नर श्री सुचारी ने कहा कि संभाग में अभी तक भवन-भूमि नामांतरण के 842 प्रकरण और भवन अनुज्ञा के 93 प्रकरण लंबित हैं। यह स्थिति अत्यंत खेदजनक है। उन्होंने कहा कि प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा समस्त नगरीय निकायों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समय-सीमा में कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निकायवार लंबित प्रकरणों की स्थिति
कमिश्नर ने निकायवार जानकारी ली। भवन/भूमि नामांतरण के अंतर्गत नगर पालिका परिषद देवरी में 139, मकरोनिया बुजुर्ग में 27, दमोह में 36, नगर परिषद पथरिया में 54, हिंडोरिया में 28, अमानगंज में 20, अजयगढ़ में 22, नगर पालिका परिषद छतरपुर में 54, नौगांव में 140, नगर परिषद गढ़ी मलहरा में 50, लवकुश नगर में 27, जतारा में 34, विघौरा खास में 23 और निवाड़ी में 47 प्रकरण लंबित हैं। इसी प्रकार भवन अनुज्ञा के अंतर्गत नगर पालिका परिषद हटा में 11, पन्ना में 13, छतरपुर में 15 और टीकमगढ़ में 16 प्रकरण लंबित होना पाए गए।
कमिश्नर श्री सुचारी ने कहा कि आम जनता को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं मिलना शासन की प्राथमिकता है। नामांतरण और भवन अनुज्ञा जैसे प्रकरण सीधे नागरिकों से जुड़े हैं। इन्हें अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह में शत-प्रतिशत प्रकरणों का निराकरण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
नशा मुक्ति अभियान के तहत खेल परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई
सागर 16 जुलाई 2026
खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत खेल परिसर सागर से जागरूकता रैली निकालकर की गई। रैली को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में पुलिस विभाग के महिला एवं पुरुष जवानों, खिलाड़ियों तथा खेल एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने “नशे से दूरी है जरूरी” सहित विभिन्न जागरूकता नारों के माध्यम से नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया।
जागरूकता रैली खेल परिसर से प्रारंभ होकर पीली कोठी मार्ग से होते हुए पुनः खेल परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला खेल अधिकारी सहित पुलिस एवं खेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।








