Home / News / बरेली: 3.20 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज, स्मैक तस्कर पिता-पुत्र पर बड़ी कार्रवाई

बरेली: 3.20 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज, स्मैक तस्कर पिता-पुत्र पर बड़ी कार्रवाई

बरेली। थाना मीरगंज पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी से अर्जित करीब 3 करोड़ 20 लाख 15 हजार रुपये की अवैध संपत्ति को फ्रीज करा दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम गुलड़िया निवासी कुख्यात स्मैक तस्कर पंकज उपाध्याय उर्फ पंकज शर्मा तथा उसके पुत्र रोहित शर्मा उर्फ हनी द्वारा स्मैक तस्करी से अर्जित की गई चल एवं अचल संपत्तियों पर कार्रवाई की गई है। फ्रीज की गई संपत्तियों में चार वाहन और चार प्लॉट शामिल हैं, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 3.20 करोड़ रुपये बताई गई है।

जांच में सामने आया कि पंकज उपाध्याय वर्ष 1999 से स्मैक तस्करी के अपराध में संलिप्त है और उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली तथा मध्य प्रदेश तक उसका नेटवर्क फैला हुआ था। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2021 के बाद उसने अपने पुत्र रोहित को भी इस अवैध कारोबार में शामिल कर लिया था।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि पिता-पुत्र बड़े पैमाने पर अंतरराज्यीय स्तर पर स्मैक तस्करी करते थे और क्षेत्र में उनका खौफ था।

वर्तमान में पंकज उपाध्याय जेल में बंद है, जबकि उसका पुत्र रोहित फरार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now