बीती रात वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जीएसटी सुधारों का बड़ा ऐलान किया और उसका असर अगली सुबह ही शेयर बाजार में दिख गया। गुरुवार के शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 889 अंकों की छलांग लगाकर 81,456 पर पहुंच गया, वहीं निफ्टी 266 अंक चढ़कर 24,980 के स्तर पर जा पहुंचा। रुपये ने भी मजबूती दिखाई और डॉलर के मुकाबले 87.85 पर खुला। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ये ऐतिहासिक सुधार है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। जीएसटी परिषद ने टैक्स स्लैब को घटाकर सिर्फ 5% और 18% कर दिया है, जो 22 सितंबर से लागू होगा।
इस फैसले से रोजमर्रा की चीजें जैसे रोटी, पराठा, हेयर ऑयल, आइसक्रीम और टीवी सस्ते होंगे, जबकि स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर टैक्स पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इससे न सिर्फ उपभोग बढ़ेगा, बल्कि अर्थव्यवस्था की रफ्तार भी तेज होगी। गुरुवार को महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसे दिग्गज शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। हालांकि, टाटा स्टील और एनटीपीसी जैसे कुछ शेयरों में गिरावट भी दर्ज हुई। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में टैरिफ से जुड़ी चुनौतियां बनी रह सकती हैं, लेकिन लंबे वक्त में इसका फायदा सीधे आम जनता और इंडस्ट्री को मिलेगा।






