झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
झालावाड़। शिक्षा विभाग की अनूठी पहल और माननीय शिक्षा मंत्री के निर्देशानुसार ग्रामवासियों से संवाद स्थापित करने हेतु रात्रिकालीन शिक्षा चौपाल कार्यक्रम 23 जुलाई बुधवार शाम 7 बजे से डूंगरगांव स्थानीय विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हेमराज पारेता, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद्र सोनी, एपीसी सीताराम मीणा, सरपंच प्रतिनिधि मुकेश बेनीवाल, एसडीएमसी सदस्य हरिवल्लभ पाटीदार, विजय सिंह चौधरी, जनपद सदस्य रामप्रसाद राठौर का मंच सानिध्य रहा। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय में मां शारदा के भव्य मंदिर में पूजन अर्चन, दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अधिकारियों द्वारा सरपंच प्रतिनिधि, सभी एसडीमसी सदस्यों और वरिष्ठ ग्रामवासियों का सत्कार तिलक व माला पहनाकर किया गया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा ने शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं को सरल भाषा में ग्रामीणों को समझाते हुए स्थानीय पंचायत क्षेत्र के सभी विद्यालयों की शैक्षिक प्रगति के बारे में ग्रामवासियों से जानकारी प्राप्त की। मालाटोटा, सेमली गोकुल, कंवरपुरा, खजूरी और चौथ्याखेड़ी से पधारे ग्रामीण और शिक्षकों ने वहां की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। एपीसी सीताराम मीणा ने जर्जर भवन चारदीवारी निर्माण अथवा मरम्मत संबंधी समस्याओं के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने की बात कही। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हेमराज पारेता ने जिले के उत्कृष्ट माध्यमिक व उच्च माध्यमिक परीक्षा परिणाम की जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं से अधिक अंक लाने पर प्रोत्साहन देने की घोषणा की। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद्र सोनी ने आर्थिक रूप से कमजोर व असमर्थ प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आर्थिक संबल प्रदान करने हेतु जिला कलक्टर द्वारा जिला निष्पादन समिति की बैठक में लिए गए निर्णय से अवगत करवाते हुए ऐसे बालक बालिकाओं के नाम बताने के लिए कहा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्थानीय विद्यालय के भामाशाह सेवानिवृत्त बद्रीलाल पाटीदार का 51000 अनुदान हेतु, शिवराज सिंह का 51000 अनुदान हेतु, अर्चना धारवाल का सभी छात्र छात्राओं के स्वेटर वितरण हेतु उत्कृष्ट भामाशाह शील्ड, शाल और माला पहनाकर सम्मान किया। विद्यालय व पंचायत क्षेत्र के सभी उत्कृष्ट शिक्षकों व कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया। साथ ही कक्षा 10 व कक्षा 12 में 75% से अधिक अंक लाने वाले 40 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का तिलक माल्यार्पण व शील्ड देकर अभिनंदन किया गया। एसडीएमसी सदस्य हरि बल्लभ पाटीदार ने गत वर्षो में हुए विद्यालय के शैक्षिक व भौतिक विकास की प्रशंसा करते हुए सभी अधिकारियों का रात्रिकालीन शिक्षा चौपाल कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया।







