May 29, 2023

Express News Bharat

Express News Bharat 24×7 National Hindi News Channel.

दिल्ली / प्रधानमंत्री मोदी खेल दिवस के मौके पर आज ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की शुरुआत करेंगे!

  • फिट इंडिया कैंपेन में उद्योग, फिल्म और खेल जगत के अलावा अन्य हस्तियां शामिल होंगी.
  • खेल मंत्रालय के प्रस्ताव- अभियान का पहला साल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित रहेगा..

नई दिल्ली.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को खेल दिवस के मौके पर ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ शुरू करेंगे। इस अभियान का मकसद लोगों को फिट रहने के लिए जागरूक बनाना है। फिट इंडिया कैंपेनमें उद्योग जगत, फिल्मी जगत, खेल जगत के अलावा अन्य अनेक हस्तियां शामिल होंगी। मोदी ने हाल ही में ‘मन की बात’ में इस अभियान का जिक्र किया था।

खेल मंत्रालय के प्रस्ताव के मुताबिक, अभियान का पहला साल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित रहेगा। दूसरे साल में पौष्टिक भोजन और खाने की आदतों पर ध्यान दिया जाएगा। जबकि अभियान के तीसरे साल में टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया जाएगा। चौथा साल स्वस्थ जीवन शैली की आदतें, स्वास्थ्य के अनुकूल चीजें और सेवाओं को आदत में शामिल करने पर केंद्रित रहेगा। फिट इंडिया मूवमेंट के लिए अलग से सचिवालय बनाने का प्रस्ताव भी है।

पहले महीने में वॉकथान, साइकिल और चेकअप कैंप से शुरुआत होगी
प्रस्ताव के मुताबिक, अभियान के पहले महीने में देश के सभी शिक्षण संस्थानों में खेल प्रतिभाओं के साथ वॉकथान, साइकिल रैली आयोजित होंगी और चेकअप कैंप लगाए जाएंगे। दूसरे महीने में कस्बा, जिलों में स्कूल और यूनिवर्सिटी में हर स्तर पर खेल इवेंट होंगे। इसमें सभी छात्रों को शारीरिक गतिविधि में शामिल होना जरूरी होगा। तीसरे महीने में सोशल मीडिया के जरिए फिटनेस क्लब बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि वे हर हफ्ते शारीरिक गतिविधियों में परिवार और दोस्तों को शामिल कर सकें। चौथे महीने में खेल मैदानों को तैयार करने पर काम होगा।

Share
Now