
- लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने प्रज्ञा ठाकुर के बयान को सदन के रिकॉर्ड से निकालने का निर्देश दिया
- प्रज्ञा ने लोकसभा चुनाव के दौरान भी गोडसे को देशभक्त कहा था, इस पर मोदी ने कहा था- मैं उन्हें दिल से कभी माफ नहीं कर पाऊंगा
नई दिल्ली. भाजपा की भोपाल से सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने बुधवार को लोकसभा में चर्चा के दौरान महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया। इस बयान पर विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने आपत्ति दर्ज कराई। दरअसल, द्रमुक के ए.राजा ने सदन में गोडसे का एक बयान पढ़ा, जिसमें उन्होंने बताया था कि गोडसे ने महात्मा गांधी को क्यों मारा था।
इस पर प्रज्ञा ठाकुर ने उन्हें टोकटे हुए कहा कि आप एक ‘देशभक्त’ का उदाहरण नहीं दे सकते। इस पर राजा ने कहा- गोडसे ने खुद स्वीकार किया था कि वह 32 साल से गांधीजी से सहमत नहीं था। इसके बाद ही उनकी हत्या की साजिश रची थी।
लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था। इसके बाद विवाद पैदा हो गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वे कभी भी सांसद ठाकुर को महात्मा गांधी पर दिए गए उनके बयान को लेकर दिल से माफ नहीं कर पाएंगे।
मोदी जवाब देंगे या खामोश रहेंगे- कांग्रेस
कांग्रेस ने कहा- बार-बार नाथूराम गोडसे को देशभक्त कहना, भाजपा की घृणित राजनीति का सबूत है। प्रज्ञा ठाकुर के बयान के बाद क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवाब देंगे, या खामोश बने रहेंगे।