सवाई माधोपुर / गंगापुर सिटी में दो पक्षों में तनाव के बाद उपद्रव, पथराव में 5 घायल, इंटरनेट बंद, धारा 144 लागू!

- विहिप के स्थापना दिवस की रैली के दौरान नारेबाजी के बाद बढ़ा विवाद, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
- 6 वाहनों में तोड़फोड़, 25 लोग हिरासत में, छावनी में तब्दील हुआ शहर,

गंगापुर सिटी.सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर िसटी मेंें विहिप के स्थापना दिवस के मौके पर रविवार को निकाली जा रही रैली में कार्यकर्ताओं पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया। इसमें 5 लोग घायल हो गए। इसके अलावा 6 वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। तनाव को देखते हुए गंगापुर सर्किल में धारा 144 लागू कर इंटरनेट बंद कर दिया गया है। साथ ही करौली व भरतपुर से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता समेत 1000 से अधिक पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए हैं। 25 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
एसपी सुधीर कुमार ने बताया कि विहिप के स्थापना दिवस पर उसके कार्यकर्ता रैली निकाल रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे शुरू हुई रैली में कार्यकर्ता नारे लगाते हुए चल रहे थे। जामा मस्जिद के पास दूसरे पक्ष ने भी नारेबाजी शुरू कर दी। दोनों पक्षों की नारेबाजी के बीच दूसरे पक्ष ने पथराव शुरू कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। पुलिस ने बल प्रयोग कर उप्रदवियों को खदेड़ा।
देर रात तक शांति वार्ताओं का दौर जारी, पुलिस ने घरों में जाकर भी की धरपकड़
उपद्रव के बाद भरतपुर से आईजी लक्ष्मण गौड़, कलेक्टर डाॅ. एसपी सिंह व एसपी सुधीर कुमार समेत पूरा प्रशासनिक अमला गंगापुर पहुंच गया। देर रात तक शांति वार्ताओं का दौर जारी रहा। हालांकि कुछ मोहल्लों में इलाकों में रात तक भी पथराव व तनाव की सूचनाएं मिलती रहीं। इस पर पुलिस ने घरों में जाकर भी कुछ लोगों की धरपकड़ की। उपद्रवियों की गिरफ्तारी की मांग काे लेकर विहिप कार्यकर्ता देर रात तक फव्वारा चौक पर डटे रहे। आईजी लक्ष्मण गौड़ ने बताया कि फिलहाल हालात काबू में हैं। अग्रिम आदेश तक गंगापुर सर्किल में इंटरनेट बंद के अलावा धारा 144 लागू रहेगी।एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात है। 25 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।