देश में कोरोना का आंतक जारी-24 घंटे में 40 लोगों ने तोड़ा दम_मरीजों की संख्या पहुंची-7447! - Express News Bharat
September 28, 2023

Express News Bharat

Express News Bharat 24×7 National Hindi News Channel.

देश में कोरोना का आंतक जारी-24 घंटे में 40 लोगों ने तोड़ा दम_मरीजों की संख्या पहुंची-7447!

नेशनल डेस्क: भारत में पिछले 24 घंटे में  भारत में कोरोना सबसे ज्यादा 1035 मामले सामने आए हैं और 40 लोगों की मौत हुई है। अब देश में कोरोना के कुल मामले 7447 हो चुके हैं और 239 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि इसके अलावा 643 कोरोना मरीज ठीक होकर घर भी लौट चुके हैं। राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 183 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस वायरस को फैलने से रोकने के लिये लागू किये गये राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को और दो हफ्ते के लिये बढ़ाये जाने के संकेतों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 21 दिनों के लॉकडाउन पर राज्य सरकारों से उनके सुझाव मांगे हैं। 

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अभी तक भारत में सामुदायिक स्तर पर किसी तरह का संक्रमण नहीं हो रहा है, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भी देश को ‘क्लस्टर केसेज’ नाम की श्रेणी में रखा है, यह श्रेणी सामुदायिक स्तर पर संक्रमण की श्रेणी से नीचे आता है और इस वर्गीकरण का इस्तेमाल यह वैश्विक संस्था करती है। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, जम्मू कश्मीर और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों ने संक्रमण के मामलों में वृद्धि दर्ज की है।

महाराष्ट्र में 1,385 मामले दर्ज किये गये हैं जिनमें से करीब 1000 मामले मुंबई से हैं। राज्य में 97 लोगों की मौत हुई है। तमिलनाडु में 900 मामले, दिल्ली में 700 से अधिक और राजस्थान में 500 से अधिक तथा मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश, प्रत्येक में 400 से अधिक मामले दर्ज किये गये हैं। हालांकि, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने राज्य में 27 मामले सामने आने का जिक्र करते हुए यह आशंका जताई कि उनका राज्य महामारी के सामुदायिक प्रसार के चरण में प्रवेश कर सकता है। ओडिशा द्वारा लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाने के एक दिन बाद पंजाब ने शुक्रवार को यही कदम उठाया। हालांकि, राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन पर केंद्र सरकार का फैसला शनिवार को मुख्यमंत्रियों के साथ होने वाली बातचीत के बाद आने की उम्मीद है। 

इस बीच दिल्ली, ओडिशा और तेलंगाना सहित कई राज्यों में घर से बाहर निकलने पर लोगों के लिये मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि वे 21 दिनों के लॉकडाउन का कड़ाई से अनुपालन करवाएं और किसी भी सामाजिक या धार्मिक जलसे एवं जुलूस की अनुमति नहीं दें। आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक अप्रैल महीने में आने वाले उत्सवों के मद्देनजर गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि वे कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन (बंद)का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें और किसी भी सामाजिक, धार्मिक जलसे या जुलूस की अनुमति नहीं दे। 

Share
Now