राजस्थान में राजनीतिक हलचल फिर तेज गहलोत कैबिनेट के तीन मंत्रियों ने अचानक दिया इस्तीफा…

नए कैबिनेट के बनने से पहले राज्य के तीन मंत्रियों के इस्तीफे से हलचल बढ़ गई है। राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार से पहले तीन मंत्रियों के ताबड़तोड़ इस्तीफा देने की खबर आई है। शुक्रवार को अशोक गहलोत कैबिनेट के तीन मंत्रियों ने अपना इस्तीफा सोनिया गांधी को दिया है। इस्तीफा देने वालों में गोविंद डोटासरा, रघु शर्मा, और हरीश चौधरी शामिल हैं। गोविंद डोटासरा राज्य के शिक्षा मंत्री थे जबकि हरीश चौधरी राजस्व मंत्री और रघु सर्मा स्वास्थ्य मंत्री के पद पर थे। इन तीनों मंत्रियों ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजा है

इस बात की पूरी संभावना है कि राजस्थान में अशोक गहलोत जल्द ही अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे। 21 या 22 नवंबर को ये मंत्री शपथ भी लेंगे। राजस्थान के तीन मंत्रियों के इस्तीफे के बारे में अजय माकन ने बताया है। गोविंद डोटासरा राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं। जबकि रघु शर्मा गुजरात कांग्रेस के प्रभारी हैं तो वहीं हरीश चौधरी को हाल ही में पंजाब कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने बताया कि इन तीनों मंत्रियों ने सोनिया गांधी को खत लिखकर मंत्रीपद छोड़ने की इच्छा जताई थी क्योंकि यह सभी नेता संगठन के लिए काम करना चाहते हैं।

कहा जा रहा है कि ‘एक व्यक्ति एक पद’ वाले फॉर्मूले की वजह से तीनों मंत्रियों के इस्तीफे लिए गए हैं। दरअसल हाल ही में राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच लंबे समय से चली आ रही खींचतान को खत्म करने की कोशिश के तहत पार्टी आलाकमान के दखल के बाद दोनों नेताओं के बीच कैबिनेट विस्तार का फॉर्मूला तय हुआ था।

Share
Now