Home / News / खानपुर के स्कूलों में संसाधनों की कमी पर आइसा ने उठाए सवाल

खानपुर के स्कूलों में संसाधनों की कमी पर आइसा ने उठाए सवाल

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

2400 विद्यार्थियों के लिए 14 कमरे, कहीं जर्जर भवन तो कहीं जलजमाव; ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ जारी रखने का ऐलान

समस्तीपुर । ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ के तहत आइसा-आरवाईए ने खानपुर प्रखंड के कई सरकारी विद्यालयों का निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं की स्थिति पर सवाल उठाए। संगठन के जिला उपाध्यक्ष दीपक कुमार यदुवंशी के नेतृत्व में आदर्श विद्यालय +2 हाई स्कूल खानपुर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर, +2 हाई स्कूल रेबड़ा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पंचगछिया और राजकीय मध्य विद्यालय रामनगर खानपुर का जायजा लिया गया।

आइसा नेताओं के अनुसार, आदर्श विद्यालय +2 हाई स्कूल खानपुर में करीब 2400 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि विद्यालय में मात्र 14 कमरे हैं। संगठन का दावा है कि कुछ कमरों की स्थिति जर्जर है और चारदीवारी भी पूरी तरह दुरुस्त नहीं है। खेल मैदान के जीर्णोद्धार की भी जरूरत बताई गई।

वहीं, प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर में पहुंच पथ और चारदीवारी की समस्या, +2 हाई स्कूल रेबड़ा में कमरों की कमी के कारण दो शिफ्ट में कक्षा संचालन तथा प्राथमिक विद्यालय पंचगछिया में जर्जर कमरों का मुद्दा उठाया गया। राजकीय मध्य विद्यालय रामनगर खानपुर में बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की गई।

आइसा ने विद्यालयों में सभी विद्यार्थियों को समय पर पुस्तक, पोशाक और छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने, लैब व पुस्तकालय की सुविधा देने तथा भूमिहीन और भवनहीन विद्यालयों के लिए जमीन चिह्नित कर स्थायी भवन बनाने की मांग की।

दीपक कुमार यदुवंशी ने कहा कि ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ पूरे जिले में जारी रहेगा। सरकारी विद्यालयों की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन आंदोलन करेगा।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now