झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस के संदर्भ में दिनांक 6 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ नागरिक समिति झालावाड़ का वृद्धजन सम्मान एवं अभिनंदन समारोह दो सत्रों में संपन्न हुआ । प्रथम सत्र स्व. अनंग कुमार जैन स्मृति भवन झालावाड़ में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सुरेश चंद्र गुप्ता ने की। वरिष्ठ नागरिक संस्थान राजस्थान के अध्यक्ष भंवर सेठ मुख्य अतिथि रहे। मदन लाल खटोड़ महामंत्री, महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती दिलखुश सेठ, कार्यकारिणी के सदस्य डॉक्टर महेंद्र कुमार शर्मा , श्रीमती मधु शर्मा एवं वीणा खटोड़ विशिष्ट अतिथि रहे।
मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण पूजन अर्चन और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का श्री गणेश हुआ। ईश वंदना सुरेश निगम ने की। अतिथियों के स्वागत सत्कार के बाद प्रवीण कुमार भाटिया ने बुजुर्गों का समाज में महत्वपूर्ण योगदान और महत्व को रेखांकित किया तथा कार्यक्रम में आने वाले सभी व्यक्तियों का अभिनंदन किया। कृष्ण सिंह परमार वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने अतिथियों सहित सभी सदस्यों का शाब्दिक स्वागत कर कृतज्ञता प्रकट की। राजकुमार जैन टिल्लू ने अपने चिर परिचित अंदाज में मंचासीन अतिथियों एवं समिति कार्यकारिणी सदस्यों का काव्यात्मक परिचय प्रस्तुत किया। समिति सचिव शिवप्रसाद परिहार ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उपाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र व्यास ने सभी का परिचय प्रस्तुत किया।
प्रथम सत्र में 85 वर्ष से अधिक आयु वाले 15 वृद्ध जनों का माल्यार्पण, शाल उड़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया साथ ही साथ विभिन्न सामाजिक , साहित्यिक, संस्थाओं, पत्रकारिता, पुरातत्व, स्काउट गाइड आदि क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रेरणादाई कार्य करने वाले जनहित के कार्य करने वाले 10 विशिष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष भंवर सेठ ने अपने उद्बोधन में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उनके समाधान हेतु किए जाने वाले प्रयासों से अवगत करवाया एवं भारत सरकार और राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं पर ध्यान देते हुए उन्हें समस्याओं से मुक्ति और परेशानियां से निजात दिलाने के कार्य करें। उन्होंने कहा 57% वरिष्ठ जन वृद्ध आश्रम में निवास करते हैं और
एकल जीवन जीते हैं वह परिवार से दूर और उपेक्षित रहते हैं इस कारण समाज और सरकार का यह दायित्व हो जाता है कि उनकी देखभाल करने के लिए ठोस कदम उठाया जाए । उन्होंने कड़े शब्दों में कहा की वरिष्ठ नागरिकों की संख्या 16 करोड़ के करीब हैं और यह परिवर्तन के लिए भी तैयार होते हैं अतः आशा और विश्वास के साथ उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु पुर जोर प्रयास करने और अपनी शक्ति सामर्थ्य का परिचय देकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का आह्वान किया । महामंत्री मदन लाल ने खटोड़ राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक फोरम के उपाध्यक्ष होने के नाते समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की बात कही तथा इस दिशा में काम करने का आश्वासन दिया। प्रांतीय महिला उपाध्यक्ष श्रीमती दिलखुश भंवर सेठ , कार्यकारिणी सदस्य वीणा खटोड़ , मधु शर्मा ने वरिष्ठ नागरिक समिति में महिलाओं के योगदान पर अपने विचार प्रगट किये। विशिष्ट अतिथि डॉ महेंद्र कुमार शर्मा ने अपने उद्बोधन में प्रेरणास्पद और आत्मविश्वास बनाए रखने पर जोर दिया उन्होंने कहा वृद्ध जन अनुभवों का भंडार है और उन्हें आने वाली पीढ़ी का मार्गदर्शन करते रहना चाहिए और हमें कृतज्ञ भाव से सेवा के लिए समर्पित होना चाहिए।
समिति के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने अध्यक्ष उद्बोधन में सभी सदस्यों का और बाहर से पधारे हुए अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए वरिष्ठ नागरिकों की संख्या बढ़ाने का आश्वासन दिया और सभी का आभार व्यक्त किया । सत्र समाप्ति के बाद प्रेस वार्ता हुईं जिसमें मुख्य अतिथि प्रान्तीय अध्यक्ष भंवर सेठ ने पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर दिए।
द्वितीय सत्र वेंडिज रेस्टोरेंट में संपन्न हुआ वहां दिसंबर में जन्म लेने वाले समिति के 7 सदस्यों का सम्मान करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की प्रभु से प्रार्थना की। साथ ही कार्यक्रम को संपन्न और भव्यता प्रदान करने के लिए दिए गए आर्थिक योगदान हेतु 25 भामाशाहों और 5 नवीन आजीवन सदस्यता ग्रहण करने वाले वरिष्ठ जनों का सम्मान किया गया । सभी ने ऐसे आयोजन करते रहने का संकल्प दोहराया और वरिष्ठ नागरिकों के हेतु अपने कृतज्ञता के भाव अर्पित किए गए। समिति ने अतिथियों को एतिहासिक पुरातत्व धरोहर सूर्य मंदिर और जल दुर्ग गागरोन के स्मृति चिन्ह भेंट किए और इतिहासकार ललित शर्मा ने अपनी पुस्तक राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर पुस्तक भेंट की । महिला उपाध्यक्ष डा. सुशीला शर्मा ने आभार व्यक्त किया एवं संचालन सुरेश निगम और प्रवीण कुमार भाटिया ने किया। राष्ट्र गान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
आयोजन पश्चात् सामूहिक भोज में समिति सदस्य एवं आमंत्रित जन सपरिवार सम्मानित हुए ।






