झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण
झालावाड़, 02 अक्टूबर। जिला स्तरीय रोजगार उत्सव कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को मिनी सचिवालय स्थित ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया तथा उपस्थित नव नियुक्त कार्मिकों एवं अधिकारियों ने माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के संबोधन को सुना।
श्री भवानी निकेतन महाविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों एवं सेवाओं का शुभारंभ किया गया। इनमें ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के तहत ‘सपनों की उड़ान—सशक्त युवा संवाद कार्यक्रम में ‘नई किरण’ नशा मुक्ति पोर्टल, ‘प्रतिभा’, ‘खेल मित्र’ एवं ‘खेलो राजस्थान’ गेम्स पोर्टल तथा ‘स्मार्ट मूल निवास’ प्रमाण-पत्र सेवा का शुभारंभ प्रमुख रूप से किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में नव नियुक्त 40 कार्मिकों को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ द्वारा वेलकम किट प्रदान किए गए। इनमें आयुर्वेद विभाग के 5, शिक्षा विभाग के 1, यूनानी विभाग के 3, पशुपालन विभाग के 11, राजस्थान पुलिस के 3, जेवीवीएनएल के 1, चिकित्सा विभाग के 3, माध्यमिक शिक्षा विभाग के 1, स्किल डेवलपमेंट के 2, वाणिज्य कर विभाग के 2, राजस्व विभाग के 2 तथा कार्मिक विभाग के 6 नव नियुक्त कार्मिक शामिल रहे।
इस अवसर पर नव नियुक्त कार्मिकों में नई जिम्मेदारी एवं जनसेवा के प्रति उत्साह देखने को मिला। वेलकम किट के माध्यम से राज्य सरकार की ओर से नव नियुक्त कार्मिकों का स्वागत करते हुए उन्हें अपने दायित्वों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के तहत आमजन को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने, युवाओं के लिए रोजगार एवं संवाद के अवसर बढ़ाने तथा डिजिटल माध्यम से विभिन्न नागरिक सेवाओं को सुगम बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा की जा रही पहलों की जानकारी भी दी गई।







