सीतापुर। पिसावां विकासखंड की ग्राम पंचायत गौरासी कला में वित्तीय वर्ष 2025-26 में कराए गए कार्यों के भुगतान में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं प्रधान सचिव द्वारा पूरे वित्तीय वर्ष में अधिकांश भुगतान एक ही फर्म को किए जाने से भ्रष्टाचार की आशंका गहरा गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत में वित्तीय सत्र 2025-26 में आर.एस. इंटरप्राइजेज नामक फर्म को अलग-अलग कार्यों के नाम पर 14 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया है। वहीं दूसरी फर्म श्री तिरुपति बालाजी ट्रेडर्स को मात्र 49,625 रुपये का भुगतान किया गया है। इतनी बड़ी राशि का भुगतान एक ही फर्म को किया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
सूत्रों की मानें तो आर.एस. इंटरप्राइजेज फर्म ग्राम प्रधान के करीबी की बताई जा रही है। शासनादेश स्पष्ट कहता है कि ग्राम पंचायत के कार्यों में सगे-संबंधी या चहेती फर्मों को भुगतान नहीं किया जा सकता, फिर भी इस फर्म को लगातार भुगतान किया गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पंचायत में हुए सभी निर्माण व अन्य कार्यों का मटेरियल एक ही फर्म पर उपलब्ध था? क्या इसके लिए कोई टेंडर या कोटेशन प्रक्रिया अपनाई गई?
इसके साथ ही पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं। इतना बड़ा भुगतान करने के बाद भी ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर संबंधित फर्म का एक भी बिल अपलोड नहीं किया गया है, जो शासन के निर्देशों का सीधा उल्लंघन है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि फर्म का मालिक कौन है, फर्म कहां स्थित है और अब तक कितने बिलों पर भुगतान हुआ है, इसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। मामले में डीपीआरओ व जिलाधिकारी से जांच की मांग की जा रही है।
रिपोर्ट अखिलेश गौतम






