लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर। जिले में बढ़ते साइबर अपराध को लेकर समस्तीपुर पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और साइबर क्राइम डीएसपी की देखरेख में साइबर थाना समस्तीपुर की टीम ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, हरपुर एलौथ में साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया।
अभियान के दौरान विद्यालय के कर्मियों और विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराध और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साइबर थाना की टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और व्हाट्सऐप के जरिए होने वाले साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की।
छात्रों और शिक्षकों को अनचाहे वीडियो कॉल, फर्जी सोशल मीडिया आईडी, ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के नाम पर होने वाली ठगी, नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर फ्रॉड और निवेश के नाम पर होने वाले अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। इसके अलावा OLX और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खरीद-बिक्री के दौरान होने वाली ठगी को लेकर भी सावधान किया गया।
अभियान में ATM और AEPS के जरिए होने वाले साइबर फ्रॉड, मोबाइल फोन खो जाने की स्थिति में CEIR पोर्टल पर उसकी जानकारी दर्ज कराने तथा साइबर अपराध की अन्य प्रचलित कार्यप्रणालियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
समस्तीपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि साइबर अपराधी अक्सर भय और लालच का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन ऑफर पर तत्काल भरोसा न करें।
पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर फ्रॉड हो जाता है तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या NCRP पोर्टल के माध्यम से शिकायत करें।
पुलिस का संदेश है—सतर्क रहें, सावधान रहें और सुरक्षित रहें।








