बरेली। थाना प्रेमनगर पुलिस ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई को पीड़िता ने थाना प्रेमनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे विभिन्न स्थानों पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को रेलवे कॉलोनी, आवास विकास के पास से वांछित आरोपी फहीम अली (38 वर्ष), पुत्र फय्याज अली, निवासी वसंत विहार, थाना इज्जतनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी से मामले से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई है। विवेचना के दौरान अन्य साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, निरीक्षक अपराध धर्मेन्द्र सिंह, कांस्टेबल रोहित एवं किशोर कुमार की प्रमुख भूमिका रही।
नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार





